चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के मोहनपुरवा गांव के पास बुधवार की सुबह एक सनसनीखेज वारदात हुई। हाईवे पर साइकिल से विद्यालय जा रहे कक्षा 11 के छात्र यश द्विवेदी (16 वर्ष) पर नकाबपोश बदमाशों ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। दो बाइक पर सवार करीब 6 हमलावरों ने ओवरटेक कर छात्र को गिराया और लाठी-डंडे से पीटने के बाद फरार हो गए।
घायल अवस्था में विद्यालय पहुँचा छात्र
घायल यश किसी तरह अपने विद्यालय सेंट जोसेफ स्कूल, रानेपुर चहनियां पहुँचा और पूरी घटना प्रिंसिपल अनिल जोसेफ को बताई। साथी छात्र की हालत देखकर विद्यालय के सैकड़ों छात्र आक्रोशित हो उठे और हमलावरों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे। हालांकि, प्रिंसिपल ने समझा-बुझाकर स्थिति को शांत कराया।
पिता ने दी तहरीर
यश द्विवेदी पुत्र शैलेन्द्र कुमार, निवासी पपौरा गांव, ने बताया कि उसे यह समझ नहीं आया कि बदमाशों ने उस पर हमला क्यों किया। छात्र के पिता ने थाने में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
छात्रों ने दी चेतावनी
विद्यालय के छात्रों ने कहा कि यदि शीघ्र ही आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। वहीं, इस घटना से ग्रामीणों में भी गहरा आक्रोश है और लोग सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।
विशेष संवाददाता- गनपत राय









