गुरुग्राम। सेक्टर-89 इलाके में सोमवार को भीषण आग लगने से चार फर्नीचर गोदाम पूरी तरह जलकर राख हो गए। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में चारों गोदाम इसकी चपेट में आ गए और पूरे इलाके में काले धुएं का गुबार छा गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की सात गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
फायर अधिकारियों के अनुसार इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, लेकिन गोदामों में रखा लाखों रुपये का फर्नीचर, लकड़ी, फोम और अन्य ज्वलनशील सामान पूरी तरह जल गया। आग बुझने के बाद अब नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
बताया गया कि प्रभावित गोदाम अलग-अलग लोगों के थे, जिनमें यूपी निवासी जैद खान समेत जावेद, शाद, नौशाद, जुबेर, जाहिर, असगर खान और शमशेर खान के गोदाम शामिल हैं। सभी का भारी नुकसान हुआ है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गोदामों के पास बन रहे एक शेड में वेल्डिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान निकली चिंगारी पास में रखे लकड़ी और फर्नीचर पर गिर गई, जिससे आग ने विकराल रूप ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ ही मिनटों में आग चारों गोदामों में फैल गई।
फायर अधिकारी विपिन ने बताया कि लकड़ी और फर्नीचर अत्यधिक ज्वलनशील होने के कारण आग बुझाने में काफी समय लगा। वहीं घटना के बाद पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया और सुरक्षा के मद्देनजर यातायात रोककर डायवर्ट किया गया।
आसपास स्थित पेट्रोल और सीएनजी पंप को भी एहतियातन बंद करा दिया गया, ताकि आग वहां तक न पहुंचे। पंप की सुरक्षा के लिए एक दमकल गाड़ी विशेष रूप से तैनात की गई थी।
फिलहाल पुलिस और फायर विभाग आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच कर रहे हैं और गोदाम मालिकों से पूछताछ की जा रही है।













