मथुरा। दिल्ली–मथुरा एक्सप्रेस-वे पर बुधवार तड़के करीब सवा चार बजे बलदेव क्षेत्र में माइलस्टोन 127 के पास घने कोहरे के कारण भीषण सड़क हादसा हो गया। एक के बाद एक 8 बसें और 4 कारें आपस में टकरा गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कई वाहनों में आग लग गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में कुल 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 60 से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सबसे पहले एक बस डिवाइडर से टकराई, जिसके बाद पीछे से आ रहे वाहन एक-दूसरे से भिड़ते चले गए। टक्कर के तुरंत बाद बसों और कारों में आग लग गई। आग की चपेट में आकर 4 लोगों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई, जबकि 9 घायलों ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने के लिए 11 फायर ब्रिगेड गाड़ियों को लगाया गया। घायलों को मथुरा और आसपास के जिलों के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर लंबा जाम लग गया, जिसे बाद में यातायात बहाल कर हटाया गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया और अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
घटनास्थल पर जिलाधिकारी सीपी सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण घना कोहरा और तेज रफ्तार बताया जा रहा है। प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुटी हैं।









