वाराणसी। चैत्र नवरात्र को लेकर नगर निगम ने शहर में विशेष व्यवस्था लागू करने का फैसला किया है। महापौर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में निर्णय लिया गया कि नवरात्र के नौ दिनों के दौरान नगर निगम क्षेत्र में मीट, मुर्गा और मछली की दुकानों को बंद रखा जाएगा, ताकि शहर में धार्मिक माहौल बना रहे और श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान किया जा सके।
सिगरा स्थित वाराणसी स्मार्ट सिटी सभागार में हुई बैठक में महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस फैसले का सख्ती से पालन कराया जाए और कहीं भी मांस-मछली की बिक्री न होने पाए। उन्होंने नवरात्र के दौरान देवी मंदिरों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने पर विशेष जोर दिया।
महापौर ने शहर के प्रमुख देवी मंदिरों को जाने वाले मार्गों का निरीक्षण कर खराब सड़कों की मरम्मत और गड्ढों को भरने के लिए तत्काल पैचवर्क कराने के निर्देश दिए। साथ ही स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सड़कों के किनारे नियमित रूप से चूने का छिड़काव करने को कहा गया।
बैठक में जलकल विभाग को निर्देशित किया गया कि नवरात्र के दौरान सीवर ओवरफ्लो की समस्या बिल्कुल न होने पाए और पेयजल आपूर्ति निर्बाध बनी रहे। इसके अलावा आलोक विभाग को मंदिरों से जुड़े सभी प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई, ताकि रात में भी श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और नवरात्र से पहले सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर लें। बैठक में अपर नगर आयुक्त सविता यादव, अमित कुमार सिंह, विनोद कुमार गुप्ता, जलकल महाप्रबंधक अनूप सिंह, पियूष नेहरा समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।









