वाराणसी। काशीपुरा क्षेत्र में शनिवार शाम दबंगों द्वारा एक व्यापारी पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया है।
पुलिस के अनुसार, नक्खीघाट थाना जैतपुरा निवासी आनंद कुमार गोंड अपनी दुकान पर मौजूद थे। आरोप है कि इसी दौरान सचिन गुप्ता अपने साथियों के साथ जबरन दुकान में घुस आया और व्यापारी के साथ मारपीट करने लगा।
आरोपियों ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए पीड़ित को जान से मारने की धमकी दी और दुकान में तोड़फोड़ की। घटना के बाद पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित 5-6 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
मामले में अनुसूचित जाति एवं जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









