वाराणसी। प्रदेश में लगातार बढ़ती ठंड और शीतलहर को देखते हुए नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने प्रशासन को पूरी तरह अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं। शनिवार को वाराणसी स्थित सर्किट हाउस से जूम के माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक में मंत्री ने नगर निगमों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों के अधिकारियों को स्पष्ट कहा कि ठंड से प्रभावित गरीब, असहाय और निराश्रित लोगों को किसी भी हालत में परेशानी नहीं होनी चाहिए।
मंत्री ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि यह समय औपचारिकता निभाने का नहीं, बल्कि मानवीय संवेदनशीलता के साथ ज़मीनी स्तर पर काम करने का है। उन्होंने आदेश दिया कि अगले तीन दिनों के भीतर सभी कंबल और ब्लैंकेट का वितरण हर हाल में पूरा किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि सहायता वास्तविक जरूरतमंदों तक ही पहुंचे।
बैठक में मंत्री ने निर्देश दिए कि रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, प्रमुख चौराहों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में रैन बसेरों की पर्याप्त व्यवस्था की जाए। खुले में सो रहे लोगों को तत्काल रैन बसेरों में पहुंचाने, वहां भोजन, पेयजल, साफ-सफाई और गर्म कपड़ों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए। साथ ही सभी रैन बसेरों को नजदीकी अस्पतालों और डिस्पेंसरी से जोड़ने को कहा गया, ताकि आपात स्थिति में तुरंत इलाज मिल सके।
आगामी माघ मेले को देखते हुए मंत्री ने प्रयागराज मेला क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए और वहां रैन बसेरों, अलाव व अन्य व्यवस्थाओं को मजबूत करने पर जोर दिया। इसके साथ ही सभी कान्हा गौशालाओं और अन्य गौशालाओं में पशुओं को ठंड से बचाने के लिए तिरपाल, अलाव और अन्य आवश्यक इंतजाम अनिवार्य रूप से करने को कहा।
वाराणसी नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बैठक में जानकारी दी कि शहर के प्रमुख रेलवे स्टेशनों, बीएचयू परिसर और अन्य संवेदनशील स्थानों पर रैन बसेरे सक्रिय कर दिए गए हैं। सभी रैन बसेरों में भोजन, पेयजल और साफ-सफाई की व्यवस्था की गई है। जोनल अधिकारी नियमित रूप से भ्रमण कर खुले में सो रहे लोगों को रैन बसेरों तक पहुंचा रहे हैं। गौशालाओं में भी तिरपाल और अलाव की व्यवस्था की गई है।
बैठक में लखनऊ, प्रयागराज, मुरादाबाद, आगरा सहित अन्य जनपदों के अधिकारियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में ठंड से बचाव के लिए की गई तैयारियों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस दौरान निदेशक नगरीय निकाय/सचिव अनुज झा, दीपक शुक्ला सहित सभी नगर आयुक्त और अधिशासी अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल रहे।













