वाराणसी। मिर्जामुराद के मुख्य बाजार में शनिवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने एक दुकानदार की गुमटी में आग लगा दी। आगजनी की इस घटना में दुकान में रखा इलेक्ट्रॉनिक वजन कांटा, लगभग 2,500 रुपये नकद सहित अन्य सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित दुकानदार को हजारों रुपये के नुकसान का सामना करना पड़ा है।
घटना पूरी तरह पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें बदमाशों की हरकतें साफ दिखाई दे रही हैं। पुलिस ने फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, मुबारकपुर (इस्लामपुर) गांव निवासी मुनव्वर अली बीते कई वर्षों से मिर्जामुराद बाजार में गुमटी लगाकर मुर्गा बेचने का काम करते हैं। शनिवार रात रोजाना की तरह गुमटी बंद कर वह घर चले गए थे। देर रात बदमाशों ने पुराने टायर में आग लगाकर उसे गुमटी के पास रख दिया, जिससे आग भड़क गई और देखते ही देखते पूरी गुमटी जलकर खाक हो गई।
रविवार सुबह बाजार पहुंचे स्थानीय लोगों ने जली हुई गुमटी देख मुनव्वर अली को सूचना दी। इसके बाद पीड़ित ने मिर्जामुराद थाने पहुंचकर अज्ञात शरारती तत्वों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई।
थाना प्रभारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद बाजार के व्यापारियों में रोष है। उन्होंने इस वारदात की निंदा करते हुए क्षेत्र में रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।













