चंदौली। अंतरराष्ट्रीय वृद्ध दिवस के अवसर पर बुधवार को वृद्धा आश्रम मद्दुपुर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन क्षेत्रीय विधायक रमेश जायसवाल ने किया। उन्होंने आश्रम में रह रहे वृद्धजनों का माल्यार्पण कर सम्मान किया और फल वितरित किए। विधायक ने आश्रमवासियों को भरोसा दिलाया कि उनकी आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए वे हर समय तत्पर रहेंगे।
इस अवसर पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चंदौली की मेडिकल टीम ने आश्रम में रह रहे बुजुर्गों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। साथ ही मानसिक रोग विशेषज्ञ डॉ. नितेश ने मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं पर जांच की और लोगों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि बढ़ती उम्र में शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक संतुलन बनाए रखना भी बेहद ज़रूरी है।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय टोबैको कंट्रोल प्रोग्राम के तहत पहुंचे डॉ. अभिषेक ने सिगरेट, बीड़ी, खैनी व अन्य मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तंबाकू का सेवन न सिर्फ कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का कारण बनता है बल्कि हृदय और श्वसन रोगों को भी जन्म देता है।
वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आश्रम में रह रहे 70 वर्ष से अधिक आयु के लोगों का आयुष्मान कार्ड भी बनाया, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके।
इस मौके पर नोडल अधिकारी डॉ. सीपी सिंह, डिप्टी सीएमओ डॉ. प्रेम प्रकाश उपाध्याय, डॉ. गुरचरण, स्वास्थ्य विभाग की टीम, आश्रम निदेशक और स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में आश्रमवासियों ने इस पहल की सराहना करते हुए आयोजकों और जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।













