चंदौली। चकिया नगर को आज बड़ी विकास सौगात मिलने जा रही है। लंबे समय से जर्जर पड़े रोडवेज स्टेशन के पुनर्निर्माण के लिए 2 करोड़ 62 लाख 50 हजार रुपये की धनराशि स्वीकृत होने के बाद आज रोडवेज परिसर में विधिवत शिलान्यास कार्यक्रम आयोजित होगा। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक कैलाश आचार्य ईंट रखकर निर्माण कार्य का शुभारंभ करेंगे।
परिवहन विभाग उत्तर प्रदेश की ओर से स्वीकृत इस परियोजना का निर्माण कार्य सी एंड डी एस यूनिट तथा जल निगम वाराणसी द्वारा कराया जाएगा। वर्षों से खस्ताहाल पड़े रोडवेज स्टेशन के कारण व्यापारियों, छात्रों, मरीजों और यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। अब पुनर्निर्माण के बाद आधुनिक सुविधाओं से युक्त नया स्टेशन तैयार किया जाएगा।
बताया जा रहा है कि रोडवेज स्टेशन के पुनर्विकास को लेकर विधायक लगातार प्रयासरत थे। उन्होंने कई बार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह से मुलाकात कर इस परियोजना के लिए पत्राचार किया, जिसके परिणामस्वरूप धनराशि स्वीकृत हुई।
गौरतलब है कि पूर्व में विधायक के प्रयास से चकिया से वाया रामनगर होते हुए काशी हिंदू विश्वविद्यालय तक चार रोडवेज बसों का संचालन शुरू कराया गया था, लेकिन पिछले कई महीनों से यह सेवा बंद है और वर्तमान में स्टेशन से कोई बस संचालित नहीं हो रही है। विधायक ने कहा कि पुनर्निर्माण के साथ ही बस संचालन को भी जल्द बहाल कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि छात्रों, मरीजों और व्यापारियों को राहत मिल सके।
शिलान्यास कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव, विभागीय अधिकारी तथा जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे। स्थानीय लोगों का मानना है कि नए रोडवेज स्टेशन के निर्माण से क्षेत्र की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार होगा और नगर के विकास को नई गति मिलेगी।









