सोनभद्र। राबर्ट्सगंज लोकसभा क्षेत्र के सांसद छोटेलाल सिंह खरवार ने जनपद सोनभद्र में रेल सुविधाओं की बदहाल स्थिति और यात्री सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर रेलवे बोर्ड का ध्यान आकृष्ट किया है। उन्होंने रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी को पत्र भेजकर क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की है।
सांसद ने अपने पत्र में अनपरा/सिंगरौली–टनकपुर त्रिवेणी एक्सप्रेस को ठंड के मौसम में बार-बार निरस्त किए जाने पर गहरी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि यह ट्रेन क्षेत्र के हजारों यात्रियों की जीवनरेखा है, जिसे नियमित रूप से चलाया जाना अत्यंत आवश्यक है। इसके साथ ही त्रिवेणी एक्सप्रेस से पूर्व में हटाई गई चार बोगियों को पुनः जोड़े जाने की मांग भी उठाई, ताकि यात्रियों को भीड़ से राहत मिल सके।
यात्री सुरक्षा के मुद्दे पर सांसद ने करमा ब्लॉक के ग्राम पंचायत भरकवाह और कुरा में रेलवे ओवरब्रिज निर्माण को जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि इन स्थानों पर ओवरब्रिज न होने के कारण आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इसके अलावा मिर्चाधुरी में अंडरपास निर्माण तथा सोनभद्र रेलवे फाटक पर प्रस्तावित ओवरब्रिज के शीघ्र निर्माण की मांग भी पत्र में शामिल की गई है।
सांसद छोटेलाल सिंह ने शिवगंगा एक्सप्रेस के अनावश्यक लंबे ठहराव को कम करने की भी मांग की। साथ ही सिंगरौली से निजामुद्दीन तक नई एक्सप्रेस ट्रेन को मिर्चाधुरी या चोपन स्टेशन से चलाने का प्रस्ताव रखा, जिससे सोनभद्र सहित आसपास के लाखों यात्रियों को सीधा लाभ मिल सके।
उन्होंने उम्मीद जताई कि रेलवे बोर्ड क्षेत्र की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय करेगा, ताकि सोनभद्र जनपद के लोगों को बेहतर रेल सुविधाएं और सुरक्षित यात्रा का लाभ मिल सके।
ब्यूरो प्रमुख- सोनभद्र













