चंदौली। क्षेत्र और कस्बे में लगातार हो रही बिजली समस्या को लेकर शुक्रवार को शिव मंदिर प्रांगण में एक बैठक हुई, जिसमें सपा सांसद वीरेन्द्र सिंह और विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव ने उपभोक्ताओं की समस्याओं को लेकर अधिकारियों से कड़ी वार्ता की। बैठक में बड़ी संख्या में व्यापारी और ग्रामीण मौजूद रहे।
शिकायतों की झड़ी
चहनियां कस्बे और आसपास के इलाकों में पिछले कई दिनों से बिजली आपूर्ति की स्थिति बदहाल बनी हुई है। आए दिन केबल जलने से घंटों बिजली गुल रहती है। वहीं स्मार्ट मीटर से उपभोक्ताओं पर दोगुना बिल का बोझ डाल दिया गया है। इससे नाराज कस्बावासियों और व्यापारियों ने सांसद और विधायक से शिकायत की थी।
अधिकारियों से तीखी बातचीत
शुक्रवार को शिव मंदिर प्रांगण पर पहुंचे सांसद और विधायक ने एसडीओ व जेई से उपभोक्ताओं की परेशानी पर सवाल खड़े किए। अधिकारियों ने तत्काल समाधान में असमर्थता जताई। इस पर सांसद ने सीधे विभागीय एसी से बात कर जल्द समस्या सुलझाने का आश्वासन दिलाया। सांसद ने कहा,
“सरकार जनता को राहत देने का दावा करती है, लेकिन हकीकत में बेतहाशा बिल बढ़ाकर उपभोक्ताओं की कमर तोड़ रही है। विभागीय कर्मचारी भी मनमानी पर उतारू हैं।”
वहीं विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव ने चेतावनी दी कि अगर शाम तक बिजली आपूर्ति व्यवस्था नहीं सुधरी तो विभाग को पूरी तरह जिम्मेदार ठहराया जाएगा।
ग्रामीणों ने लगाए गंभीर आरोप
स्थानीय ग्रामीणों और व्यापारियों ने आरोप लगाया कि चौराहे के शिव मंदिर और सैदपुर मार्ग पर लगाए गए बिजली केबल में बार-बार आग लगने की घटना सामने आ रही है। तारों से उठने वाली चिनगारी कभी भी बड़ा हादसा कर सकती है। लोगों का कहना है कि बिजली विभाग ने पोल और केबल की गुणवत्ता में भारी गड़बड़ी की है, जिसके चलते आए दिन खराबी हो रही है।
मौजूद रहे बड़ी संख्या में लोग
बैठक में उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष भानु प्रताप यादव, सुभाष यादव, पूर्व प्रधान सरिद्वार यादव, शिवलाल जायसवाल, कमलेश गुप्ता, संजय बरनवाल, बबलू जायसवाल, विनोद अग्रहरि, ओमप्रकाश मामू, बृजेश यादव, कुलदीप वर्मा, शुभम चौहान, जयप्रकाश यादव सहित बड़ी संख्या में व्यापारी और ग्रामीण मौजूद रहे।
इस बैठक के बाद क्षेत्रीय लोगों ने उम्मीद जताई कि सांसद और विधायक के हस्तक्षेप से विभाग जल्द ठोस कदम उठाएगा और बिजली समस्या से राहत मिलेगी।













