चंदौली। पुलिस प्रशासन में किए गए ताज़ा फेरबदल के तहत मुगलसराय सर्किल के क्षेत्राधिकारी बदले गए हैं। लंबे समय से सीओ मुगलसराय की जिम्मेदारी संभाल रहे कृष्ण मुरारी शर्मा का स्थानांतरण कर दिया गया है। अब इस सर्किल की कमान अरुण कुमार सिंह के हाथों में होगी।
कृष्ण मुरारी शर्मा को नई जिम्मेदारी के तौर पर यातायात व्यवस्था, पुलिस लाइन और कार्यालय कार्य सौंपे गए हैं। माना जा रहा है कि उनके अनुभव का उपयोग अब जिले की आंतरिक व्यवस्था और ट्रैफिक प्रबंधन को मजबूत करने में किया जाएगा।
नवनियुक्त सीओ अरुण कुमार सिंह हाल ही में चंदौली पहुंचे हैं। इससे पहले वे बाराबंकी में निरीक्षक पद पर तैनात थे, जहां से पदोन्नति के बाद उनका तबादला हुआ। पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने उन्हें मुगलसराय जैसे संवेदनशील और महत्वपूर्ण सर्किल की जिम्मेदारी सौंपी है।
प्रशासनिक गलियारों में इस बदलाव को नियमित प्रक्रिया बताया जा रहा है। वहीं स्थानीय स्तर पर उम्मीद जताई जा रही है कि नए सीओ के नेतृत्व में मुगलसराय क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग को और प्रभावी बनाया जाएगा।









