मिर्जापुर। पड़री थाना क्षेत्र के बसारी गांव में 15 वर्षीय नाबालिग युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या से इलाके में हड़कंप मच गया। युवती का शव गांव से करीब एक किलोमीटर दूर मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार ने गांव के ही युवक पर दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप लगाया है।
मृतका की पहचान कविता बिंद पुत्री मोहन बिंद निवासी बसारी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार गांव का ही साजन बिंद नामक युवक कई महीनों से युवती को मोबाइल फोन पर परेशान करता था। परिवार द्वारा विरोध किए जाने पर आरोपी कथित रूप से धमकी भी देता था।
बताया गया कि शुक्रवार रात परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद सो गए थे। देर रात करीब एक बजे परिजनों की नींद खुली तो कविता घर में नहीं मिली। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई पता नहीं चला। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने गांव के बाहर एक युवती का शव पड़े होने की सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान कविता बिंद के रूप में की।
परिवार का आरोप है कि युवती की चाकू से गला रेतकर हत्या की गई और उसके साथ दुष्कर्म भी किया गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना पड़री पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
घटना की जानकारी मिलने पर लोजपा प्रदेश अध्यक्ष संजीव पांडेय भी मौके पर पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।













