सैयदराजा (चंदौली)। स्वतंत्रता दिवस के नज़दीक आते ही राष्ट्रप्रेम की झलक जगह-जगह दिखाई देने लगी है। सरकारी संस्थाओं से लेकर विद्यालयों तक, तिरंगा यात्रा के माध्यम से देश की एकता और अखंडता का संदेश दिया जा रहा है। इसी क्रम में नगर पंचायत स्थित नेशनल इंटर कॉलेज सैयदराजा के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने गुरुवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकालकर नगर को तिरंगामय बना दिया।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि राजेश कुमार उर्फ बाढू जायसवाल ने यात्रा में शामिल होकर बच्चों का उत्साह बढ़ाया। यात्रा कॉलेज प्रांगण से शुरू होकर नगर पंचायत के भतीजा मोड़, माल गोदाम रोड होते हुए पुनः विद्यालय प्रांगण में समाप्त हुई। पूरे मार्ग में भारत माता की जय, इंकलाब जिंदाबाद, वंदे मातरम और महात्मा गांधी अमर रहें जैसे नारों से वातावरण राष्ट्रभक्ति से गूंज उठा।
कॉलेज के प्रधानाचार्य अनिल कुमार सिंह ने तिरंगा यात्रा को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्र धर्म सबसे बड़ा धर्म है और तिरंगा उसकी पहचान है, जो संप्रभुता और अखंडता का संदेश देता है। उन्होंने छात्रों से जाति, धर्म और क्षेत्र से ऊपर उठकर देश की सेवा करने तथा अलगाव और विघटन से दूर रहने का आह्वान किया।
इस कार्यक्रम में सैकड़ों छात्र-छात्राओं के साथ अध्यापक रजनीश, मारकंडेय प्रसाद, सुनील यादव, वीर बहादुर, मधुलिका, नमिता, आनंद सिंह, अर्पण सिंह, दीनबंधु, सतीश तिवारी, जयप्रकाश, ईश्वरी नारायण, राकेश, प्रदीप कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।
विशेष संवाददाता- गनपत राय









