वाराणसी। आध्यात्मिक नगरी के प्रसिद्ध मीर घाट पर मंगलवार को एक बड़ा हादसा टल गया। गंगा स्नान के दौरान भदोही जनपद का 18 वर्षीय युवक अचानक संतुलन खो बैठा और गहरे पानी में बहने लगा। देखते ही देखते वह डूबने की स्थिति में पहुंच गया, जिससे घाट पर अफरातफरी मच गई।
मौके पर 24 घंटे की पिकेट ड्यूटी पर तैनात राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की 11वीं वाहिनी के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत गंगा में छलांग लगा दी। प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम ने कुछ ही पलों में युवक को पकड़कर सुरक्षित बाहर निकाला और घाट पर लाकर प्राथमिक उपचार दिया। राहत की बात यह रही कि युवक की हालत अब सामान्य बताई जा रही है।
एनडीआरएफ के उप महानिरीक्षक मनोज कुमार शर्मा के निर्देशन में गंगा घाटों पर इन दिनों लगातार गश्त और निगरानी की जा रही है। श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए बचाव दल किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है।
इस साहसिक बचाव को देखकर घाट पर मौजूद सैकड़ों श्रद्धालुओं ने एनडीआरएफ टीम की सराहना की और तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया। लोगों का कहना था कि जवानों की फुर्ती और पेशेवर दक्षता ने एक अनमोल जीवन बचा लिया।
एनडीआरएफ ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि गंगा स्नान के दौरान सतर्क रहें, गहरे पानी में जाने से बचें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत तैनात बचाव कर्मियों को सूचना दें।









