चंदौली। आज दिनांक 4 सितम्बर, गुरुवार को नेहरू युवा केन्द्र (मेरा युवा भारत, जनपद-चंदौली) द्वारा आयोजित जनपदीय कार्यशाला एवं सेमिनार महेन्द्र इंटर कॉलेज चंदौली के प्रांगण में अपराह्न 12:30 बजे से सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का उद्घाटन महेन्द्र इंटर कॉलेज के प्राचार्य प्रमोद कुमार सिंह ने किया। बतौर मुख्य अतिथि उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि “आज देश बदल रहा है और केंद्र सरकार युवाओं के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। खेलो इंडिया, फिट इंडिया जैसे अभियानों से युवाओं को प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार किया जा रहा है और आज पूरी दुनिया भारत के युवाओं की क्षमता को मान्यता दे रही है।”
युवाओं की भूमिका पर जोर
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि एवं कॉलेज प्रवक्ता नीरज कुमार सिंह ने युवाओं की भूमिका को देश के विकास में अहम बताते हुए कहा कि संगठित और जागरूक युवा ही भारत को विश्व शक्ति बना सकते हैं।
मुख्य प्रवक्ता भाजपा के पूर्व क्षेत्रीय उपाध्यक्ष एवं मंडल प्रभारी अश्विनी त्रिपाठी ने कहा कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण का नायक बनाया है। स्किल इंडिया, मेक इन इंडिया, खेलो इंडिया जैसी योजनाओं ने युवाओं को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार किया है। मंगल ग्रह से लेकर नासा तक की उपलब्धियां भारत के युवा वैज्ञानिकों और प्रतिभाओं की बदौलत संभव हुई हैं।”
नेहरू युवा केन्द्र की भूमिका
कार्यक्रम की अध्यक्षता नेहरू युवा केन्द्र “मेरा युवा भारत” के उपनिदेशक कपिल देवाराम शाली (डीवाईओ) ने की। उन्होंने कहा कि “मेरा युवा भारत” योजना गांव-गांव तक युवाओं के लिए खेल प्रतियोगिताएं—कबड्डी, बैडमिंटन, वॉलीबॉल, साइकिल रेस—का आयोजन करती है। इसके साथ ही आदिवासी बच्चों के लिए हर वर्ष आदिवासी आदान-प्रदान कार्यक्रम भी बड़े पैमाने पर आयोजित किया जाता है। उन्होंने कहा कि युवा बदल रहा है और यही बदलाव भारत को विश्व पटल पर अग्रणी बना रहा है।
संचालन व समापन
कार्यक्रम का संचालन महेन्द्र इंटर कॉलेज के सहायक अध्यापक राजेश उपाध्याय पाय ने किया। अंत में सभी अतिथियों ने युवाओं को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं और समाजहित में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
विशेष संवाददाता- गनपत राय













