वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में हाल ही में कार्यभार संभालने वाले महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने मंगलवार को कारखाने की प्रमुख कार्यशालाओं का व्यापक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने लोकोमोटिव निर्माण की पूरी उत्पादन श्रृंखला, गुणवत्ता नियंत्रण तंत्र, सुरक्षा मानकों के अनुपालन और तकनीकी नवाचारों की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की।
महाप्रबंधक ने लोको फ्रेम शॉप, लोको असेंबली शॉप, लोको टेस्ट शॉप तथा ट्रक मशीन शॉप का क्रमवार दौरा कर निर्माण प्रक्रिया के प्रत्येक चरण का अवलोकन किया। उन्होंने उत्पादन की गति, कार्यकुशलता, संसाधनों के उपयोग तथा गुणवत्ता आश्वासन प्रणाली की कार्यप्रणाली पर विशेष ध्यान दिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्य में उच्च गुणवत्ता मानकों को बनाए रखते हुए समयबद्ध उत्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि बरेका की प्रतिष्ठा और अधिक सुदृढ़ हो सके।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि कार्यस्थलों पर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन हो, आधुनिक तकनीकों और स्वचालन को बढ़ावा दिया जाए तथा नवाचार आधारित पहल को प्रोत्साहित किया जाए। महाप्रबंधक ने कार्यशालाओं में चल रहे विभिन्न सुधारात्मक उपायों की जानकारी लेते हुए कर्मचारियों के सुझाव भी सुने और उन्हें उत्पादन प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए व्यवहारिक सुझाव देने को प्रेरित किया।
निरीक्षण के दौरान उत्पादन इकाइयों में कार्यरत इंजीनियरों और तकनीकी कर्मियों से संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि गुणवत्ता और दक्षता बरेका की पहचान है, इसलिए हर स्तर पर सतर्कता और पारदर्शिता बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में उत्पादन क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ विश्वस्तरीय गुणवत्ता सुनिश्चित करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।
इस अवसर पर प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेक शील, प्रमुख मुख्य इंजीनियर शैलेंद्र कुमार सिंह, मुख्य अभिकल्प इंजीनियर (विद्युत) अनुराग कुमार गुप्ता, मुख्य विद्युत इंजीनियर भारद्वाज चौधरी, मुख्य यांत्रिक सर्विस इंजीनियर नीरज जैन, मुख्य विद्युत इंजीनियर (लोको) अरविंद कुमार जैन, मुख्य यांत्रिक इंजीनियर डीजल (पीओएच) एस.बी. पटेल, उप महाप्रबंधक सागर सहित कई विभागाध्यक्ष और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने महाप्रबंधक को विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति, उत्पादन लक्ष्य और गुणवत्ता सुधार से जुड़े उपायों की विस्तृत जानकारी भी प्रस्तुत की।









