चंदौली। जिले के चकिया थाना क्षेत्र के सोनहुल गांव में शादी के महज पांच दिन बाद एक नवविवाहिता के रहस्यमय तरीके से लापता होने से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है। जानकारी के अनुसार, सोनहुल निवासी मनोज कुमार की शादी कुछ दिन पहले ही धूमधाम से हुई थी, लेकिन 10 अक्टूबर की रात करीब सात बजे उनकी पत्नी अचानक घर से लापता हो गई।
परिजनों ने पहले मायके और रिश्तेदारों के यहां खोजबीन की, लेकिन नवविवाहिता का कहीं कोई पता नहीं चला। पति मनोज कुमार ने बताया कि उसकी पत्नी अपने साथ मंगलसूत्र, कनफूल और पायल भी लेकर गई है। इससे परिजनों की चिंता और बढ़ गई है।
घटना की जानकारी होते ही मनोज कुमार ने उसी रात डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और प्रारंभिक पूछताछ की। परिवार का कहना है कि महिला के गायब होने से घर में मातम जैसा माहौल है।
परिजनों को शक है कि वह किसी युवक के साथ चली गई होगी। वहीं, पीड़ित पति ने मामले की लिखित तहरीर चकिया थाने में दी है। पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चकिया पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और नवविवाहिता की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही महिला का सुराग मिल जाएगा।









