चंदौली। जिले में ईएमआई वसूली के नाम पर हो रही मनमानी और दबंगई पर अब पुलिस ने कड़ा रुख अपना लिया है। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा है कि वसूली के दौरान किसी भी तरह की जबरदस्ती, धमकी या गुंडागर्दी को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
एसपी ने कहा कि हाल के दिनों में यह शिकायतें सामने आई हैं कि कुछ प्राइवेट एजेंट मोबाइल ऐप के जरिए वाहनों की लोकेशन ट्रैक कर उन्हें जबरन उठा ले रहे हैं और फाइनेंस कंपनियों के गैराज में खड़ा कर दे रहे हैं। यह पूरी तरह अवैध है और ऐसे मामलों में संबंधित एजेंटों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने दो टूक कहा कि अगर कोई एजेंट जबरन वाहन खींचता है, ग्राहक को डराने-धमकाने की कोशिश करता है या अवैध तरीके से कब्जा करता है, तो उसके खिलाफ सीधे लूट जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
यह निर्देश एक महत्वपूर्ण बैठक के दौरान दिए गए, जिसकी अध्यक्षता स्वयं एसपी ने की। बैठक में फाइनेंस कंपनियों को स्पष्ट कर दिया गया कि रिकवरी केवल तय कानूनी प्रक्रिया के तहत ही की जाए। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई तय है।
पुलिस के इस सख्त रुख से आम लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है, क्योंकि अक्सर वसूली एजेंटों की दबंगई और मनमानी की शिकायतें सामने आती रही हैं। अब साफ संकेत है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है।









