चंदौली। अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बलुआ थाना पुलिस को रविवार को एक बड़ी सफलता हाथ लगी। पुलिस टीम ने डकैती में संलिप्त कुख्यात गैंगस्टर और हिस्ट्रीशीटर अभय को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक नाजायज रिवाल्वर 38 बोर, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और एक आईफोन बरामद किया गया है।
पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी सकलडीहा स्नेहा तिवारी के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अपराध विरोधी अभियान के दौरान यह कार्रवाई की गई। थानाध्यक्ष बलुआ अतुल कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने रविवार की शाम लक्ष्मणगढ़ पुलिया के पास दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया।
बलुआ एसओ अतुल कुमार ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त अभय पुत्र रमेश, निवासी ग्राम कैथी फुलवरिया, थाना बलुआ, एक सक्रिय आपराधिक गिरोह का सदस्य है। उसके खिलाफ डकैती, लूट, चोरी, धमकाने और अवैध असलहा रखने जैसे कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं। वह बलुआ थाने का हिस्ट्रीशीटर मजारिया संख्या 67ए है।
पुलिस के अनुसार, अभय लंबे समय से इलाके में दहशत फैलाकर लूटपाट और रंगदारी की घटनाओं को अंजाम देता था। पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि अभियुक्त अवैध हथियार के साथ किसी बड़ी वारदात की फिराक में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी की और मौके से उसे धर दबोचा। तलाशी में नाजायज रिवाल्वर और कारतूस बरामद हुए, जिन्हें वह लूट और धमकाने के लिए प्रयोग करता था।
बलुआ पुलिस ने मौके पर से जब्त किए गए हथियार और सामान को कब्जे में लेकर अभियुक्त के खिलाफ आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में –
थानाध्यक्ष अतुल कुमार, उप निरीक्षक सतीश चन्द्र सिंह, उप निरीक्षक विनोद कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल जलभरत यादव, दीपचन्द्र गिरी, कांस्टेबल रोहित यादव और अनुज कुमार वर्मा शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह गिरफ्तारी क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगाने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि है। बलुआ थाना क्षेत्र में अब तक कई बड़े अपराधियों को पकड़ा गया है, जिससे अपराधियों में भय और आम जनता में सुरक्षा का माहौल बना है।













