वाराणसी। बसंत पंचमी के शुभ अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ धाम में मां सरस्वती की विशेष पूजा-अर्चना के साथ आध्यात्मिक उल्लास चरम पर रहा। वैदिक मंत्रोच्चार, हवन और आरती के बीच मां विद्या की आराधना की गई, जिससे पूरा धाम भक्तिमय ऊर्जा से सराबोर हो गया।
सरस्वती मंदिर में मंदिर न्यास की ओर से विधिवत पूजन संपन्न कराया गया। इस दौरान विद्या, बुद्धि, विवेक और कलात्मक चेतना के विकास की कामना की गई। पूजा के दौरान शंखनाद और मंत्रोच्चारण से वातावरण गूंजता रहा।
सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ धाम में उमड़ पड़ी। पीले वस्त्रों में सजे भक्तों ने मां को पुष्प, अक्षत और प्रसाद अर्पित किया। कई श्रद्धालु अपने बच्चों की पुस्तकें, लेखनी और वाद्ययंत्र लेकर पहुंचे और विद्या का आशीर्वाद मांगा। पूरे परिसर को पीले फूलों और आकर्षक सजावट से सजाया गया था।
भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच काशी विश्वनाथ धाम में बसंत पंचमी का पर्व श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया गया। मंदिर प्रशासन के अनुसार, श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए सुरक्षा और व्यवस्थाओं को सुदृढ़ रखा गया, जिससे दर्शन सुचारू रूप से संपन्न हो सके।









