वाराणसी। इस बार गणतंत्र दिवस पर काशी की धरती से नारी शक्ति का ऐसा संदेश जाएगा, जो सिर्फ दिखेगा नहीं बल्कि महसूस भी होगा। महिला सशक्तिकरण की थीम पर आधारित भव्य पुलिस परेड की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और रिजर्व पुलिस लाइन में इसका फुल ड्रेस रिहर्सल सफलतापूर्वक संपन्न हो चुका है।
पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी के पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निर्देशन में आयोजित इस ग्रैंड रिहर्सल में अनुशासन, तालमेल और गरिमा का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने साफ कहा कि गणतंत्र दिवस केवल परेड का दिन नहीं, बल्कि संविधान, लोकतंत्र और देश की आत्मा को सम्मान देने का अवसर है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष की परेड महिला पुलिसकर्मियों के साहस, समर्पण और नेतृत्व क्षमता की सशक्त तस्वीर पेश करेगी।
इस ऐतिहासिक परेड का नेतृत्व एसीपी यूटी मानसी दहिया करेंगी। परेड में महिला पुलिस की तीन टोलियां, महिला ट्रैफिक पुलिस की एक टोली, ब्लैक कमांडो सहित कमांडो महिला दस्ता, प्रशिक्षु महिला पुलिस की दस टोलियां, महिला घुड़सवार दस्ता और स्कूटी दस्ता शामिल होंगे। इसके साथ ही यूपी-112, वायरलेस, डॉग स्क्वाड, फील्ड यूनिट और फायर सर्विस के दस्ते भी परेड की शान बढ़ाएंगे।
खास बात यह है कि इस परेड में सैकड़ों महिला पुलिसकर्मी एक साथ कदमताल करेंगी, जो काशी से पूरे प्रदेश और देश को नारी शक्ति का मजबूत संदेश देंगी। पुलिस कमिश्नरेट के सोशल मीडिया सेल के अनुसार सभी टोलियों ने अंतिम अभ्यास में बेहतरीन समन्वय और अनुशासन का प्रदर्शन किया है।
महिला पुलिसकर्मियों के उत्साह और मनोबल को और मजबूत करने के लिए विशेष कार्यक्रम भी रखे गए हैं। 26 जनवरी की शाम उनके लिए फिल्म प्रदर्शन जैसे आयोजन होंगे, ताकि सेवा के साथ सम्मान और प्रेरणा का भाव भी जुड़ा रहे।
मिशन शक्ति की भावना को साकार करती यह परेड न केवल गणतंत्र दिवस का उत्सव होगी, बल्कि यह दिखाएगी कि आज की नारी केवल सुरक्षा की प्रतीक नहीं, बल्कि सुरक्षा की सबसे मजबूत दीवार भी है। काशी में 26 जनवरी को यह दृश्य निश्चित ही इतिहास के पन्नों में दर्ज होने वाला है।













