जशपुरनगर। प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार जिले में अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में एक और बड़ी पहल को मंजूरी मिल गई है। वित्तीय वर्ष 2025–26 के बजट प्रावधानों के तहत विकासखंड पत्थलगांव क्षेत्र में कुल 7.30 किलोमीटर लंबी प्रमुख सड़कों के उन्नयन एवं मजबूतीकरण कार्य के लिए 36 करोड़ 85 लाख 20 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इस निर्णय से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी बेहतर होने के साथ-साथ ग्रामीण और शहरी अंचलों के बीच आवाजाही अधिक सुगम होने की उम्मीद जताई जा रही है।
स्वीकृत कार्यों के अंतर्गत इंदिरा चौक से जशपुर रोड तक 2.00 किमी, इंदिरा चौक से अम्बिकापुर रोड तक 1.50 किमी तथा इंदिरा चौक से रायगढ़ रोड तक 3.80 किमी लंबाई की सड़कों का उन्नयन एवं सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। इन सड़कों की स्थिति में सुधार होने से स्थानीय यातायात दबाव कम होगा और व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार मुख्यमंत्री के दो वर्षीय कार्यकाल के दौरान जिले में कुल 914 करोड़ 94 लाख रुपये की लागत से 603 सड़कों की स्वीकृति दी जा चुकी है। लगातार मिल रही स्वीकृतियों और निर्माण कार्यों की तेज प्रगति से जिले की आधारभूत संरचना में व्यापक बदलाव देखा जा रहा है। सड़कों, पुलों और पुलियाओं के निर्माण से गांवों और दूरस्थ बस्तियों को मुख्य मार्गों से जोड़ा जा रहा है, जिससे आवागमन के साथ-साथ आर्थिक गतिविधियों में भी तेजी आ रही है।
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि सड़क नेटवर्क के विस्तार से कृषि उत्पादों की बाजार तक पहुंच आसान होगी, विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज जाने में सुविधा मिलेगी और मरीजों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सीधा लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री के नेतृत्व में चल रही अधोसंरचना विकास योजनाओं का प्रभाव अब दूरस्थ अंचलों तक स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। बेहतर सड़कों से गांवों का संपर्क मंडियों, अस्पतालों और शासकीय सेवाओं से मजबूत हो रहा है, जिससे लोगों के जीवन स्तर में सुधार की उम्मीद बढ़ी है। जिले के विभिन्न क्षेत्रों के नागरिकों ने इन परियोजनाओं को विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए राज्य सरकार के प्रति आभार भी व्यक्त किया है।









