चंदौली। यूपी में अवैध शराब पर सख्त कानून और लगातार कार्रवाई के दावों के बीच चंदौली का अलीनगर थाना क्षेत्र पुलिस-आबकारी की नाकामी का बड़ा उदाहरण बन गया है। कठौरी गांव में एक बार फिर घर के अंदर खुलेआम शराब बेचते हुए का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। हैरानी की बात यह है कि यह इस गांव में एक सप्ताह के अंदर दूसरी बार अवैध शराब विक्री का वीडियो वायरल हुआ है।
सूत्रों का दावा है कि यह पूरा धंधा अलीनगर क्षेत्र के एक कारखास के विशेष आशीर्वाद से फल-फूल रहा है। इसी “संरक्षण” के कारण शराब माफिया बेखौफ हैं और पुलिस की कार्रवाई सिर्फ कागजों में सिमटकर रह गई है।
वीडियो में क्या दिख रहा है?
नए वायरल वीडियो में कठौरी गांव का एक घर शराब की मिनी-दुकान बना दिखाई देता है। कैमरे में साफ दिखता है कि मीता यादव नाम का व्यक्ति बोतलें निकालकर ग्राहकों को बेच रहा है। यह सब बिना किसी डर या रोक-टोक के खुलेआम हो रहा है—जैसे यह कोई वैध दुकान हो।
गांव वालों का कहना है कि पुलिस चौकी से गांव की दूरी मात्र कुछ ही मिनट है, लेकिन इसके बावजूद अवैध शराब का कारोबार दिन-दहाड़े जारी है।
पहले भी हुआ था वीडियो वायरल — फिर भी कार्रवाई ZERO
कुछ दिन पहले भी कठौरी गांव में अवैध शराब बेचने का वीडियो वायरल हुआ था। लोगों को उम्मीद थी कि इस बार पुलिस बड़ी कार्रवाई करेगी, लेकिन परिणाम?
न कोई दबिश, न कोई गिरफ्तारी, न कोई चालान!
लगातार दूसरे वीडियो ने यह साफ कर दिया है कि या तो पुलिस इस पूरे खेल में शामिल है, या फिर संरक्षण इतना गहरा है कि थाना स्तर पर कुछ भी नहीं हो पा रहा।
गांव का माहौल खराब, तस्करों के हौसले बुलंद
स्थानीय लोगों का कहना है कि अवैध शराब के कारण लड़ाई-झगड़े, चोरी और घरेलू विवाद बढ़ रहे हैं। कई बार शिकायत करने के बाद भी प्रशासन का रवैया बेहद ढुलमुल है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिस की चुप्पी ही तस्करों की असली ताकत है।
अब उच्चाधिकारियों से हस्तक्षेप की मांग
वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने सोशल मीडिया और स्थानीय प्रशासन से मांग की है कि—
- अलीनगर थाना पुलिस
- और स्थानीय आबकारी विभाग
- दोनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
लोगों का कहना है कि जब तक बड़े स्तर पर हस्तक्षेप नहीं होगा, अवैध शराब की यह “होम डिलीवरी” चलती रहेगी।













