चंदौली। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के नेतृत्व में “हमारा विद्यालय, हमारा स्वाभिमान” कार्यक्रम जिले के मान्यता प्राप्त विद्यालयों में बड़े ही उत्साह के साथ मनाया गया। इसी क्रम में सोमवार को पूर्व माध्यमिक विद्यालय, मथेला में भी संकल्प समारोह आयोजित हुआ।
जिलाध्यक्ष अजय कुमार सिंह ने दिलाई शपथ
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के जिलाध्यक्ष अजय कुमार सिंह ने विद्यालय प्रांगण में मौजूद शिक्षकों और विद्यार्थियों को शपथ दिलाते हुए कहा कि –
- विद्यालय केवल एक भवन नहीं, बल्कि संस्कारों का तीर्थ है।
- विद्या वही है जो हमें अज्ञान और बंधनों से मुक्त करे, जैसा कि हमारे शास्त्रों में कहा गया है –
“सा विद्या या विमुक्तये”।
- 1 सितंबर 2025 का यह संकल्प दिवस केवल एक आयोजन तिथि नहीं है, बल्कि यह शैक्षिक जगत में इतिहास रचने वाला क्षण है।
उन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों से आह्वान किया कि वे विद्यालय को अपना स्वाभिमान मानकर शिक्षा और संस्कार के उच्चतम आदर्शों को स्थापित करें।
शिक्षा उन्नयन और राष्ट्र पुनर्निर्माण की ओर कदम
इस अवसर पर जिला कोषाध्यक्ष फैयाज अहमद ने कहा कि यह कार्यक्रम शैक्षिक उन्नयन एवं राष्ट्र पुनर्निर्माण आंदोलन की शुरुआत है। विद्यालयों को फिर से ज्ञान और संस्कृति के मंदिर के रूप में स्थापित करने का संकल्प ही भविष्य की पीढ़ियों को मजबूत करेगा।
जिलेभर के विद्यालयों में आयोजन
जनपद चंदौली के लगभग 800 विद्यालयों में यह संकल्प दिवस मनाया गया, जहां प्रार्थना सभाओं में शिक्षकों और विद्यार्थियों ने पांच संकल्प लिए।
कार्यक्रम में उपस्थित लोग
इस मौके पर इम्तियाज़ खान, वीरेंद्र सिंह यादव, फैयाज अहमद, आदित्य सिंह रघुवंशी, ईश्वर चंद्र त्रिपाठी, अखिलेश श्रीवास्तव, हर्षवर्धन सिंह, अजीत सिंह, अवधेश प्रताप सिंह, जितेंद्र मौर्या, नूर अख्तर अली, दीपक पांडे, हरिशंकर मिश्रा सहित कई विद्यालयों के शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
विशेष संवाददाता- गनपत राय













