चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को गैस सिलेंडर फटने की घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोग घबरा गए और घरों से बाहर निकल आए। इस हादसे में तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार, गुब्बारे भरने के दौरान अचानक गैस सिलेंडर में विस्फोट हो गया। धमाके की आवाज दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के लोग सहम गए। घटना के चलते कुछ देर के लिए इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। पास के एक मकान को भी हल्का नुकसान पहुंचा है।
घायलों की पहचान चंद्रू राम, पंकज और आनंद कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि चंद्रू राम ठेले पर गुब्बारे बेच रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। घटना के समय वहां मौजूद कई राहगीर बाल-बाल बच गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।









