जशपुरनगर। पुलिस ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) से जुड़े लाखों रुपये के बारदाना गबन कांड का पर्दाफाश करते हुए मुख्य आरोपी और चोरी का माल खरीदने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
मामले के अनुसार करीब ₹8,39,500 मूल्य के 33,850 बारदानों का गबन किया गया था। इस संबंध में पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 408, 420 और 411 के तहत केस दर्ज किया है। कार्रवाई के दौरान एक पिकअप वाहन (MP 65-GA-0244) और 4000 नग बारदाने भी बरामद किए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, वर्ष 2022-23 में जिला विपणन अधिकारी अजय कुमार ठाकुर ने कांसाबेल थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। अनुबंध के तहत बारदाना परिवहन का जिम्मा रिजवान अली को सौंपा गया था, जिसे उचित मूल्य दुकानों से बोरियां एकत्र कर कुनकुरी स्थित गोदाम में जमा करना था। लेकिन उसने 33,850 बोरियां जमा नहीं कीं और सरकारी धन का गबन कर लिया।
जांच में सामने आया कि प्रति बोरी ₹25 के हिसाब से कुल ₹8.39 लाख की हेराफेरी हुई। कलेक्टर द्वारा गठित जांच समिति ने इस गड़बड़ी की पुष्टि की, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की।
डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने छापेमारी कर मुख्य आरोपी रिजवान अली (37) को सूरजपुर के देवल्ला पारा से गिरफ्तार किया। वहीं चोरी का माल खरीदने वाले सुधीर साहू (42) को अंबिकापुर के मठ पारा से दबोचा गया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल वाहन और 4000 बारदाने जब्त कर लिए हैं, जबकि बाकी माल की तलाश जारी है।
इस पूरे मामले को सुलझाने में उप निरीक्षक अशोक यादव, सहायक उप निरीक्षक राजेश कुमार यादव, आरक्षक राजकुमार भगत, सुभाष चंद्र बोस और नगर सैनिक जोगेंद्र यादव की अहम भूमिका रही।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी संपत्ति का नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और शेष बारदानों की बरामदगी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।













