चंदौली। रामगढ़ स्थित बाबा कीनाराम मठ में आयोजित तीन दिवसीय 426वां जन्मोत्सव समारोह सोमवार को साधु-संतों और श्रद्धालुओं की विदाई के साथ सम्पन्न हुआ। समारोह के समापन अवसर पर पीठाधीश्वर बाबा सिद्धार्थ गौतम राम जी ने स्वयं साधु-संतों के साथ भोजन किया और उन्हें भोजन कराकर, अंगवस्त्र व दक्षिणा प्रदान कर सम्मानित करते हुए विदाई दी। मठ परिसर “बाबा कीनाराम अमर रहें” के उद्घोष से गूंज उठा।
तीन दिवसीय महोत्सव सम्पन्न
22 से 24 अगस्त तक चले जन्मोत्सव समारोह में प्रतिदिन धार्मिक अनुष्ठान, सोहर गीत, रामायण पाठ, भजन-कीर्तन, संगोष्ठियाँ और सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ आयोजित हुईं। रविवार की देर रात भजन-कीर्तन और बिरहा कार्यक्रम के साथ समारोह सम्पन्न हुआ। अगले दिन सोमवार को पीठाधीश्वर बाबा सिद्धार्थ गौतम राम जी मठ पहुँचे, जहाँ श्रद्धालुओं ने उनका आशीर्वाद लिया।
साधु-संतों का सम्मान
समारोह में शामिल अघोर सम्प्रदाय और वैष्णव सम्प्रदाय के सैकड़ों साधु-संतों को पीठाधीश्वर ने अपने हाथों से भोजन कराया। इसके बाद उन्हें अंगवस्त्र और दक्षिणा भेंट कर भावपूर्ण विदाई दी गई। विदाई के दौरान कई श्रद्धालुओं की आँखें नम हो गईं।
आभार प्रकट किया
पीठाधीश्वर बाबा सिद्धार्थ गौतम राम जी ने कहा –
“बाबा कीनाराम का यह जन्मोत्सव सभी के सहयोग से सकुशल सम्पन्न हुआ। इसके लिए मैं जिलाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारियों, साधु-संतों, कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं का हृदय से आभार प्रकट करता हूँ।”
कार्यक्रम में उपस्थित लोग
इस अवसर पर प्रधान व्यवस्थापक अरुण सिंह, व्यवस्थापक मेजर अशोक सिंह, धनंजय सिंह, प्रधान आशुतोष कुमार सिंह, रितेश पांडेय, सूर्यनाथ सिंह, कुलदीप वर्मा, मिथिलेश सिंह समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और श्रद्धालु मौजूद रहे।
विशेष संवाददाता- गनपत राय









