वाराणसी। संयुक्त पेंशनर्स कल्याण समिति, उत्तर प्रदेश के आह्वान पर मण्डलीय शाखा द्वारा शास्त्री घाट (कचहरी के निकट) पर बैठक आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में पेंशनर्स ने भाग लिया। कार्यक्रम सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक चला।
बैठक की अध्यक्षता इं. एस. डी. मिश्र ने की, जबकि संचालन अवध नारायण पाण्डेय ने किया। इस दौरान इं. शमसुल आरेफिन और इं. आर. पी. मिश्र समेत विभिन्न पेंशनर संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
वित्त विधेयक 25 मार्च 2025 (वैलिडेशन एक्ट 2025) के एक वर्ष पूर्ण होने पर पेंशनर्स ने काली पट्टी बांधकर ‘काला दिवस’ मनाया। वक्ताओं ने कहा कि आठवें केंद्रीय वेतन आयोग से संबंधित राजपत्र में पेंशनरों का उल्लेख नहीं होना गंभीर चिंता का विषय है, जबकि पहले के वेतन आयोगों में पेंशनर्स को शामिल किया जाता रहा है।
पेंशनर्स ने बताया कि एक्ट को वापस लेने की मांग को लेकर 23 जून और 17 दिसंबर 2025 को प्रधानमंत्री को जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन भेजा गया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके विरोध में 25 मार्च 2026 को प्रदेशभर में फिर से ज्ञापन सौंपा गया।
बैठक के बाद पेंशनर्स ने जुलूस निकालकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। इस दौरान कई वक्ताओं ने सरकार से पेंशनर्स के हितों को ध्यान में रखते हुए जल्द निर्णय लेने की मांग की।









