चंदौली। सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम डिलिया स्थित एक निजी लान में सभी जाति और समाज के लोगों की एक महत्वपूर्ण गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस गोष्ठी में विभिन्न वर्गों के लोगों ने एक साथ बैठकर राजनीति, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता जैसे अहम मुद्दों पर खुलकर चर्चा की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता रामकिशुन बिंद ने की और संचालन शिवकुमार सिंह कुशवाहा ने किया। गोष्ठी का मुख्य उद्देश्य सामाजिक एकता को बढ़ावा देना और आने वाले पंचायती चुनावों में निष्पक्षता तथा ईमानदारी को प्राथमिकता देना रहा।
शिक्षा पर बल, राजनीति में ईमानदारी की अपील
चर्चा के दौरान वक्ताओं ने कहा कि समाज की प्रगति शिक्षा से ही संभव है।
पूर्व प्रधान शिव कुमार मौर्य ने अपने संबोधन में कहा कि—
“हमें राजनीति में ईमानदार और कर्मठ प्रतिनिधियों को आगे लाना होगा। समाज तभी आगे बढ़ेगा जब हम अपने बच्चों को शिक्षा के रास्ते पर प्रेरित करेंगे। दो रोटी कम खाएं लेकिन बच्चों की पढ़ाई में कभी कमी न आने दें।”
सभी वक्ताओं ने इस विचार का समर्थन किया और यह भी तय किया गया कि समाज के किसी भी वर्ग का बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, इसके लिए संयुक्त प्रयास किए जाएंगे।
पंचायत चुनाव में निष्पक्षता की शपथ
गोष्ठी में उपस्थित लोगों ने आगामी पंचायत चुनावों में स्वच्छ राजनीति को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।
सभी ने यह तय किया कि चुनावों में दारू, मुर्गा और पैसों से वोट खरीदने वालों का पूर्ण बहिष्कार किया जाएगा।
समाज में जागरूकता लाने और लोगों को नैतिक मतदान के लिए प्रेरित करने पर भी जोर दिया गया।
विविध समाजों की सहभागिता से बना एकता का संदेश
गोष्ठी में सभी जाति और वर्गों के प्रतिनिधियों ने मंच से अपने विचार साझा किए।
मुख्य रूप से उपस्थित लोगों में —
डॉ. रामजन्म मौर्य, अनिल कुमार मौर्य, भूपेंद्र राम, अशोक राम, शंकर पाल, कमलेश चौहान, शैलेन्द्र विश्वकर्मा, प्रमोद प्रजापति, रमेश खरवार, संतोष निषाद, अनवर अंसारी, विजय कुशवाहा, राजाराम गुप्त, राजाराम मौर्य (प्रधान), मुन्ना गोंड, रामनरेश कनौजिया, सागर राम, उदयचंद कन्नौजिया आदि प्रमुख लोग मौजूद रहे।
ग्रामवासियों ने इस पहल की सराहना की और भविष्य में समाज सुधार, शिक्षा प्रसार और स्वच्छ राजनीति के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।













