चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के कूड़ा बाजार चौकी अंतर्गत मैनाताली में बुधवार को नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। मृतका की पहचान 21 वर्षीय कोमल के रूप में हुई है, जो बिहार के बाढ़ जिले की रहने वाली थी। उसकी शादी मात्र दो महीने पहले छपरा के मूल निवासी रोहित सिंह से हुई थी। रोहित डीडीयू जंक्शन पर वेंडरिंग का काम करता है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह रोहित ने पत्नी कोमल से कहा कि तैयार रहना, वाराणसी घूमने चलेंगे। कोमल ने भी सहमति जताई और रोहित काम पर चला गया। दोपहर में जब वह स्टेशन से घर लौटा, तो दरवाजा भीतर से बंद था। उसने आवाज दी, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। खिड़की से झांककर देखा तो कोमल का शव कमरे में फंदे से लटक रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही मुगलसराय कोतवाली प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा गया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, रोहित की यह दूसरी शादी थी। उसकी पहली पत्नी शादी के कुछ ही दिनों बाद जेवर-गहने लेकर फरार हो गई थी। फिलहाल कोमल की मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस इस घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुटी है। मृतका के मायके वालों को भी सूचना दे दी गई है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।
यह घटना नवविवाहिता की असमय मौत और वैवाहिक जीवन में छिपी अनकही परेशानियों पर कई सवाल खड़े कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सच्चाई सामने आ सकेगी।
रिपोर्ट – अभिषेक राहुल सिंह













