चंदौली। नेशनल इंटर कॉलेज सैयदराजा में चल रही प्रदेश स्तरीय विद्यालयी तीरंदाजी प्रतियोगिता के दूसरे दिन गुरुवार को खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता तीन वर्गों—अंडर-19, अंडर-17 और अंडर-14 में आयोजित हुई। इंडियन राउंड के सभी वर्गों का रैंकिंग राउंड पूरा हुआ, वहीं अंडर-14 वर्ग के रिकर्व और कंपाउंड राउंड की प्रतिस्पर्धा भी संपन्न हो गई। अंडर-17 रिकर्व और कंपाउंड राउंड के मुकाबले भी गुरुवार को खेले गए।
अंडर-19, 17 और 14 वर्ग में हुई प्रतिस्पर्धा, वाराणसी, मेरठ, सोनभद्र और सहारनपुर मंडल के खिलाड़ियों ने किया दमदार प्रदर्शन
अंडर-17 बालक वर्ग के रिकर्व राउंड में चंदौली ने पहला स्थान हासिल कर सभी का ध्यान खींचा। सोनभद्र मंडल के प्रियांशु कुमार दूसरे और चंदन तीसरे स्थान पर रहे।
बालिका वर्ग के इंडियन राउंड में सोनभद्र की हीरा प्रथम, सहारनपुर की मानसी द्वितीय और मेरठ की गरिमा तृतीय स्थान पर रहीं।
अंडर-19 बालक वर्ग के इंडियन राउंड में मेरठ मंडल के अभिषेक ने पहला स्थान पाया। वाराणसी मंडल के कुणाल सिंह दूसरे और मिर्जापुर मंडल के विशाल तीसरे स्थान पर रहे।
अंडर-19 बालिका वर्ग में वाराणसी मंडल की अदिति सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। सोनभद्र की सोनम और आयुषी क्रमशः दूसरे व तीसरे स्थान पर रहीं।
अंडर-14 वर्ग में सहारनपुर मंडल के आर्यन कश्यप ने स्वर्ण पदक जीता। मेरठ मंडल के मयंक कुमार ने दूसरा और मिर्जापुर मंडल के सूर्यांश नारायण ने तीसरा स्थान पाया।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में उत्तर प्रदेश तीरंदाजी संघ के सचिव योगेंद्र राणा और बलराम कृष्ण यादव मुख्य निर्णायक रहे। प्रतियोगिता निदेशक अशोक सिंह तथा निर्णायक गौतम मौर्य, कपिल वर्मा, अभिषेक कुमार, अनिल मौर्य और अनिल यादव ने मैच संचालन किया।
कार्यक्रम की व्यवस्था में विद्यालय परिवार का विशेष योगदान रहा। प्रधानाचार्य अनिल कुमार सिंह, रजनीश राय, मार्कंडेय पाल, भारत भूषण और पंकज सिंह ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।
प्रतियोगिता के तीसरे दिन समापन समारोह में विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया जाएगा।













