चंदौली। इलिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस और गौ तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। खझरा पहाड़ी के पास हुई इस घटना में पुलिस चेकिंग के दौरान एक बोलेरो पिकअप (संख्या UP64BT 4656) को रोकने का प्रयास कर रही थी। वाहन में अहरौरा से बिहार की ओर गोवंश ले जाए जाने की सूचना मिली थी।
पुलिस को देखते ही तस्करों ने गोलियां चलानी शुरू कर दीं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से एक तस्कर सोनू अंसारी पुत्र स्व. तस्लीम अंसारी निवासी अहरौरा, मिर्जापुर घायल हो गया। उसे बाएं पैर में गोली लगी। वहीं उसका साथी छोट्टू यादव अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकला।
मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने 315 बोर का एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और वाहन में लदे आठ गोवंश बरामद किए। बरामद मवेशियों को नजदीकी गौशाला भेजा जा रहा है। घायल बदमाश को पुलिस ने उपचार के लिए चकिया अस्पताल में भर्ती कराया।
इलिया पुलिस ने इस मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है और फरार आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है।









