चंदौली। थाना सैयदराजा क्षेत्र में हत्या के एक आरोपी को माननीय न्यायालय में पेशी के लिए ले जाते समय भगाने का प्रयास करने वाले अभियुक्त को पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में पकड़कर उपचार के लिए पीएचसी बरहनी भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन पीयूष मोर्डिया और पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र वैभव कृष्ण के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक चंदौली आदित्य लांग्हे के आदेश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई। अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनंत चंद्रशेखर (आईपीएस) और क्षेत्राधिकारी सदर देवेंद्र कुमार के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सैयदराजा विन्देश्वर प्रसाद पाण्डेय के नेतृत्व में सैयदराजा और कोतवाली चंदौली पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, थाना सैयदराजा पर दर्ज मुकदमा संख्या 370/2025 धारा 103(1) बीएनएस से संबंधित अभियुक्त निहोर मुसहर पुत्र मोती मुसहर निवासी ग्राम रववा, थाना सोनहन, जिला भभुआ (बिहार) को 16 दिसंबर को न्यायालय में पेशी के लिए ले जाया जा रहा था। एनएच-02 पर ग्राम सवैया पट्टीदारी के पास जाम लगने के दौरान अभियुक्त ने उपनिरीक्षक राम कुमार दूबे की सर्विस रिवाल्वर छीनकर भागने का प्रयास किया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घेराबंदी की, जिस पर अभियुक्त ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में अभियुक्त घायल हो गया और मौके पर ही पकड़ लिया गया।
पुलिस ने बताया कि यह गिरफ्तारी 15 दिसंबर की रात हुई उस घटना से जुड़ी है, जिसमें थाना सैयदराजा क्षेत्र के दुधारी (तेन्दुहान) गांव में चोरी के दौरान बदमाशों की फायरिंग से 15 वर्षीय मोनू की मौत हो गई थी। घटना के बाद से पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी।
गिरफ्तार अभियुक्त निहोर मुसहर के खिलाफ उत्तर प्रदेश और बिहार में हत्या, लूट, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कुल 12 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।









