वाराणसी। अधिवक्ता–पुलिस विवाद के बीच वाराणसी पुलिस महकमे में इस समय एक अलग ही माहौल देखने को मिल रहा है। शहर की एडीसीपी (वरुणा) नीतू कादयान के समर्थन में पुलिसकर्मियों ने सोशल मीडिया पर बड़ा अभियान छेड़ दिया है। बीते दो दिनों से यूपी पुलिस से जुड़े तमाम जवान और अधिकारी फेसबुक, इंस्टाग्राम और ‘एक्स’ (ट्विटर) जैसे प्लेटफॉर्म पर लगातार पोस्ट शेयर कर रहे हैं।
इस अभियान में पुलिसकर्मी #ipsNeetu, #Varanasipolice और #GloryOfUPPolice जैसे हैशटैग का जमकर इस्तेमाल कर रहे हैं। पोस्टों में नीतू कादयान को “गौरव और अनुकरणीय अधिकारी” बताते हुए कहा जा रहा है कि वह यूपी पुलिस की असली ताकत और नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो पोस्ट में नीतू कादयान की तस्वीर के साथ फिल्म ‘सिंघम’ की बैकग्राउंड धुन भी जोड़ी गई है, जिसने पुलिसकर्मियों के हौसले को और ऊंचा कर दिया है। कई कर्मियों ने अपने वाट्सऐप स्टेटस पर उनकी तस्वीर लगाकर लिखा – “यूपी पुलिस का अभिमान और गौरव हैं आप।”
इस अभियान में शामिल पुलिसकर्मियों ने नीतू कादयान को “वास्तविक अभिभावक” बताते हुए गर्व व्यक्त किया है। उनका कहना है कि विभाग को ऐसे ही ईमानदार और साहसी अफसरों की ज़रूरत है। कई कर्मियों ने यहां तक लिखा कि हर पुलिसकर्मी एक दिन नीतू कादयान जैसे काम करने का सपना देखता है।
पुलिस महकमे के भीतर इस अभियान को लेकर खासा उत्साह है। माना जा रहा है कि यह कदम न केवल नीतू कादयान के प्रति सम्मान का प्रतीक है, बल्कि हालिया अधिवक्ता–पुलिस विवाद के बीच पुलिसकर्मियों की एकजुटता और मनोबल को मजबूत करने का भी प्रयास है।
शहर में यह चर्चा भी जोर पकड़ रही है कि जब सोशल मीडिया पर पुलिस विभाग की इतनी व्यापक मुहिम खड़ी हो सकती है, तो यह आगे चलकर विवाद के समीकरणों को भी बदल सकती है। हालांकि आधिकारिक तौर पर इस अभियान पर कोई बयान सामने नहीं आया है, लेकिन पुलिसकर्मियों की सक्रियता ने साफ कर दिया है कि वे अपने अधिकारी के समर्थन में खुलकर खड़े हैं।













