वाराणसी। कोतवाली थाना क्षेत्र के कंपनी गार्डन के पास गुरुवार दोपहर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बरामद किया है। इस दौरान एक व्यक्ति को मौके से गिरफ्तार किया गया, जो प्लास्टिक की बोरी में मांझा लेकर खड़ा था।
कोतवाली इंस्पेक्टर दया शंकर सिंह के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बोरी से 25 किलो 200 ग्राम चाइनीज मांझा बरामद हुआ, जिस पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा है।
गिरफ्तार आरोपी ने अपना नाम आजम पुत्र रहमत अली बताया है। वह चौक थाना क्षेत्र के छत्तातले का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 293/125/223 और पर्यावरण संरक्षण अधिनियम 1986 की धारा 5/15 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चाइनीज मांझा बेहद खतरनाक होता है, जिससे पक्षियों के साथ-साथ आम लोगों की जान को भी गंभीर खतरा रहता है। मकर संक्रांति को देखते हुए जिले में इस तरह की अवैध गतिविधियों पर सख्ती से नजर रखी जा रही है और लगातार अभियान चलाया जा रहा है।









