चंदौली। सकलडीहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में विद्युत आपूर्ति की लगातार हो रही बाधाओं ने मरीजों की दिक्कतें बढ़ा दी हैं। बिजली जाते ही एक्स-रे यूनिट पूरी तरह बंद हो जाती है और अस्पताल में बैकअप की सुविधा न होने के कारण जांचें लंबे समय तक रुकी रहती हैं।
सोमवार दोपहर करीब 2 बजे भी कई मरीज एक्स-रे के लिए इंतजार करते नजर आए। डॉक्टरों के अनुसार, एक्स-रे मशीन केवल नियमित बिजली पर ही संचालित होती है और सप्लाई बाधित होने पर मशीन को चलाना संभव नहीं होता। इसके चलते कई मरीजों को काफी देर तक वहीं बैठकर बिजली आने का इंतजार करना पड़ा।
मरीजों का कहना है कि यदि अस्पताल में जनरेटर उपलब्ध होता, तो उन्हें भटकना नहीं पड़ता। लेकिन मजबूरी में लोगों को आसपास के निजी डायग्नोस्टिक केंद्रों पर 200 से 300 रुपये खर्च करके जांच करानी पड़ रही है। स्वास्थ्य केंद्र में रोजाना 30 से 35 मरीज एक्स-रे के लिए पहुंचते हैं, जिनमें कई ग्रामीण और दूर-दराज के लोग भी शामिल होते हैं।
अस्पताल प्रशासन का कहना है कि लगातार हो रही बिजली समस्या के संबंध में विभाग को कई बार पत्र भेजे जा चुके हैं, लेकिन अब तक समाधान नहीं मिल पाया है। वहीं बिजली विभाग का दावा है कि सप्लाई लाइन में तकनीकी दिक्कत के कारण कटौती हो रही है, जिसे ठीक करने का काम जारी है।
सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में एक्स-रे सेवा बाधित होने का सबसे ज्यादा असर आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों पर पड़ रहा है। जांच रुकने से उनका इलाज भी देर से शुरू हो पा रहा है। CHC अधीक्षक डॉ. बी.के. प्रसाद ने बताया कि एक्स-रे सुविधा को सुचारू करने के लिए विभागीय स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं।









