चंदौली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) इस वर्ष अपना शताब्दी वर्ष मना रहा है। इसी क्रम में आगामी विजयादशमी उत्सव को लेकर जनपदभर में तैयारियां शुरू हो गई हैं। नियामताबाद क्षेत्र के ग्राम सभा हसनपुर में गुरुवार को एक विशेष बैठक आयोजित की गई, जिसमें उत्सव की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक की अध्यक्षता भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राणा प्रताप सिंह ने की। उन्होंने कहा कि विजयादशमी उत्सव केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि यह राष्ट्रवाद, संस्कृति और संगठन का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से समाज में एकता और देशभक्ति की भावना मजबूत होती है। उन्होंने संघ के इतिहास, उद्देश्यों और राष्ट्र निर्माण में योगदान पर प्रकाश डालते हुए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां निभाने के लिए प्रेरित किया।
बैठक में उपस्थित गणमान्य लोगों और कार्यकर्ताओं ने निर्णय लिया कि इस बार विजयादशमी उत्सव को और अधिक भव्य व सार्थक बनाया जाएगा। इसमें स्थानीय स्तर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, राष्ट्रभक्ति से जुड़े आयोजन और समाज के सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
इस मौके पर रामदीहल बिंद, विवेक सिंह, सतीश बिंद, सतीश यादव, नर्सिंग, आनंद कुमार, संतोष रामचंद्र बिंद और रमाशंकर मिश्रा समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। सभी ने मिलकर क्षेत्र के अधिक से अधिक लोगों को आयोजन से जोड़ने का संकल्प लिया।
बैठक का समापन राष्ट्रगान और भारत माता की जयघोष के साथ हुआ। ग्रामीणों का कहना है कि यह आयोजन न सिर्फ संघ की विचारधारा को सशक्त करेगा, बल्कि समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार भी करेगा।









