जशपुरनगर। सोशल मीडिया पर प्रसारित कथित आपत्तिजनक वीडियो और ऑडियो को लेकर प्रकाशित समाचारों के बाद पत्रकारों के खिलाफ की गई शिकायत पर प्रेस क्लब जशपुर ने कड़ी नाराजगी जताई है। इस मामले में कृपा शंकर भगत द्वारा पत्रकारों के विरुद्ध सिटी कोतवाली में दी गई शिकायत को पत्रकारों ने पूरी तरह आधारहीन और दुर्भावनापूर्ण बताया है।
शहर के सर्किट हाउस में बुधवार को आयोजित बैठक में प्रेस क्लब के सदस्यों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर कहा कि समाचार संकलन और उसे जनता व शासन-प्रशासन के समक्ष लाना मीडिया का मूल दायित्व है। ऐसे में पत्रकारों पर शिकायत दर्ज कराना अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और निष्पक्ष पत्रकारिता पर दबाव बनाने की कोशिश है, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। बैठक में उपस्थित पत्रकारों ने कहा कि सोशल मीडिया में वायरल ऑडियो-वीडियो में आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया गया है, जिसमें गोली मारने जैसी हिंसक धमकी का भी उल्लेख है।
पत्रकारों ने आरोप लगाया कि संबंधित नेता ने न केवल उरांव समाज पर आपत्तिजनक टिप्पणी की, बल्कि अपनी कथित अभद्र भाषा को जशपुर की बोली बताकर जिले की छवि धूमिल करने का प्रयास भी किया है। उन्होंने इसे सामाजिक सौहार्द और पत्रकारिता दोनों के लिए गंभीर विषय बताते हुए प्रशासन से तत्काल संज्ञान लेने की मांग की।
बैठक के बाद प्रेस क्लब के पदाधिकारी और सदस्य एकजुट होकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह से मिले और पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। पत्रकारों ने मांग की कि वायरल ऑडियो-वीडियो की सत्यता की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि उसमें धमकी या आपत्तिजनक बयान की पुष्टि होती है तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
पत्रकारों ने यह भी कहा कि यदि प्रशासन समय रहते ऐसे मामलों पर कार्रवाई नहीं करता है तो इससे असामाजिक तत्वों का मनोबल बढ़ेगा और पत्रकारों की सुरक्षा पर खतरा मंडराता रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि मामले में पारदर्शी जांच और ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आगे व्यापक आंदोलन पर विचार किया जाएगा।
प्रेस क्लब के सदस्यों ने कहा कि यह केवल किसी एक पत्रकार या संस्था का मामला नहीं, बल्कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की गरिमा से जुड़ा विषय है। उन्होंने प्रशासन से अपेक्षा जताई कि निष्पक्षता के साथ जांच कर सच्चाई सामने लाई जाएगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।













