जशपुरनगर। छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रियवंदा सिंह जूदेव ने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन से दिल्ली स्थित उनके आवास पर मुलाकात कर शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने नितिन नबीन को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।
प्रियवंदा सिंह जूदेव ने कहा कि नितिन नबीन का लंबा राजनीतिक और प्रशासनिक अनुभव भाजपा संगठन को और अधिक सशक्त करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में पार्टी आने वाले चुनावों में बिहार जैसे सकारात्मक और ऐतिहासिक परिणाम हासिल करने में सफल होगी। जूदेव ने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ के संगठन प्रभारी के रूप में नितिन नबीन ने वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में पार्टी की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
वहीं राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन ने प्रियवंदा सिंह जूदेव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए जशपुर राजपरिवार और छत्तीसगढ़ से अपने गहरे भावनात्मक जुड़ाव का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ जनता का विश्वास और स्नेह ही उन्हें निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा और शक्ति प्रदान करता है।









