संतकबीरनगर। जिले में वर्चस्व की लड़ाई को लेकर हुई सरेआम गोलीबारी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए अभियुक्तों के कब्जे से तीन .32 बोर पिस्टल, छह कारतूस, एक .315 बोर तमंचा, दो कारतूस, एक चाकू तथा घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की गई है।
कोतवाली प्रभारी जय प्रकाश दूबे के नेतृत्व में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर महामाया पॉलीटेक्निक बालूशासन के पश्चिम स्थित बाग के पास से बाइक सवार तीन संदिग्धों को धर दबोचा। टीम में इंस्पेक्टर क्राइम राकेश कुमार सिंह, चौकी इंचार्ज कलेक्ट्रेट अशोक दूबे, चौकी इंचार्ज मगहर विनोद यादव, चौकी इंचार्ज इंडस्ट्रियल एरिया धर्मेंद्र मिश्रा तथा एसओजी के हेड कांस्टेबल अनूप राय व विवेक राय शामिल रहे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कृष्णा यादव निवासी ऊनखास, हरिओम पासवान निवासी राउतपार और विपिन भारती उर्फ कट्टा निवासी ऐंचाकाट, कोतवाली खलीलाबाद के रूप में हुई। तलाशी में कृष्णा यादव के पास से .32 बोर पिस्टल व दो कारतूस, हरिओम पासवान से .32 बोर पिस्टल व एक कारतूस तथा विपिन भारती से .315 बोर तमंचा व दो कारतूस बरामद किए गए।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि बस्ती जनपद के मुंडेरवा क्षेत्र निवासी प्रियांशु दूबे से वर्चस्व को लेकर पुरानी रंजिश चली आ रही थी। 27 फरवरी को सूचना मिली कि प्रियांशु भदाह चौराहे स्थित एक इंटर कॉलेज में परीक्षा दिलाने आने वाले हैं। इसी दौरान आरोपियों ने पहले से योजना बनाकर वहां पहुंचकर फायरिंग की और मौके से फरार हो गए।
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में शामिल दो अन्य अभियुक्तों प्रेम प्रकाश सिंह निवासी ऊनखास तथा शेषनाथ तिवारी निवासी सोनखर, मुंडेरवा (जनपद बस्ती) को भी इंडस्ट्रियल एरिया क्षेत्र से पकड़ लिया। प्रेम प्रकाश सिंह के पास से .32 बोर पिस्टल व तीन कारतूस तथा शेषनाथ तिवारी के पास से एक चाकू बरामद हुआ।
पुलिस ने बताया कि घटना में प्रयुक्त बाइक हरिओम पासवान की है, जिसे मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया है। सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।













