चंदौली। दिल्ली के चौधरी छतर सिंह स्टेडियम में आयोजित चार दिवसीय दिल्ली सुपर कप 2025 अंतर एकेडमी क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब पूर्वांचल स्पोर्ट्स चंदौली ने अपने नाम कर जिले का नाम रोशन किया। 8 से 11 अक्टूबर तक चले इस टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला शर्मन क्रिकेट एकेडमी (सीनियर) और पूर्वांचल स्पोर्ट्स चंदौली के बीच खेला गया, जो आखिरी ओवर तक रोमांच और तनाव से भरपूर रहा। अंततः पूर्वांचल स्पोर्ट्स चंदौली ने 1 रन से जीत दर्ज कर शानदार प्रदर्शन किया।
टीम के मेंटोर शौजब हुसैन और कोच सुरेश जी के मार्गदर्शन में पूर्वांचल स्पोर्ट्स चंदौली की टीम ने जबरदस्त टीम भावना और संघर्ष का परिचय दिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम ने 30 ओवर में 183 रन बनाए। कप्तान अर्चित ने संघर्षपूर्ण नाबाद 52 रन (6 चौके) की कप्तानी पारी खेली। वहीं सीनियर खिलाड़ी ईनामुद्दीन ने शानदार 35 रन (5 बाउंड्री) जोड़े। सत्यम पटेल ने 28 रन बनाए जबकि मोहम्मद आदिल और सूरज ने क्रमशः 12-12 रन का योगदान दिया।
जवाब में दिल्ली की टीम ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन बीच के ओवरों में रनगति बनाए रखने में असफल रही और एक के बाद एक विकेट गिरते चले गए। पूर्वांचल की धारदार गेंदबाजी और चुस्त फील्डिंग ने दिल्ली की जीत की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। दिल्ली की ओर से वैभव ने 47 रन और कप्तान विक्रांत ने 40 रन की पारी खेली, लेकिन टीम 29.5 ओवर में 182 रन पर ऑलआउट हो गई।
पूर्वांचल स्पोर्ट्स चंदौली की ओर से कप्तान अर्चित और लक्ष्य ने तीन-तीन विकेट झटके, जबकि फैसल और रिजवान खान ने दो-दो विकेट हासिल किए। टीम के सभी गेंदबाजों ने अनुशासित प्रदर्शन किया।
मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए अर्चित को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। सत्यम को बेस्ट फील्डर और ईनामुद्दीन को बेस्ट विकेटकीपर का पुरस्कार मिला। खिलाड़ियों के प्रदर्शन से टीम के समर्थक और खेल प्रेमियों में खुशी की लहर दौड़ गई।
टीम की इस शानदार जीत पर पूर्वांचल स्पोर्ट्स से जुड़े मुकेश पटेल, वसीम अहमद, हरी प्रसाद धवन जी और दीपक यादव ने टीम को बधाई दी और कहा कि यह जीत न केवल खिलाड़ियों के परिश्रम का परिणाम है बल्कि चंदौली जिले के क्रिकेट के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में टीम के खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर भी इसी तरह जिले का नाम रोशन करेंगे।













