वाराणसी। उत्तर प्रदेश के स्टांप एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल ने शनिवार को हुकुलगंज स्थित दीप्ति कान्वेंट स्कूल पहुंचकर बाढ़ प्रभावितों के साथ रक्षाबंधन पर्व मनाया। इस दौरान उन्होंने राहत शिविर में रह रहे लोगों को राहत सामग्री किट और मिष्ठान वितरित किए।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कोई भी बाढ़ पीड़ित राहत और सहयोग से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि पानी घटने के बाद प्रभावित क्षेत्रों में साफ-सफाई, दवा छिड़काव और मेडिकल टीमों द्वारा घर-घर स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित की जाए। साथ ही, शिविर में रह रहे लोगों को किसी भी तरह की परेशानी न होने देने पर जोर दिया।
उन्होंने बाढ़ पीड़ितों को आश्वासन दिया कि सरकार हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी और उनके पुनर्वास के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
इस अवसर पर स्थानीय पार्षद बृजेश चंद श्रीवास्तव, पूर्व पार्षद महेंद्र सिंह शक्ति, धनंजय सिंह, अतुल सिंह, अजीत, भोला, शिव शंकर यादव सहित कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।









