चंदौली। सदर थाना क्षेत्र के सिरसी गांव में गुरुवार की शाम रिश्तों को शर्मसार करने वाली दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। रिटायर्ड दरोगा दंगल यादव ने अपने छोटे भाई और वरिष्ठ अधिवक्ता कमला यादव (55 वर्ष) की गोली मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से जमीन और लोन विवाद चल रहा था। सुबह कचहरी परिसर में इस मामले को लेकर जमकर विवाद और मारपीट हुई थी, जिसके बाद शाम को यह हत्या अंजाम दी गई।
पहले से घात लगाकर बैठा था भाई
सूत्रों के अनुसार, अधिवक्ता कमला यादव न्यायालय से काम निपटाकर जैसे ही घर पहुंचे, पहले से घात लगाए बैठे रिटायर्ड दरोगा दंगल यादव ने उन पर पिस्तौल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। तीन गोलियां चलाई गईं, जिनमें से दो सिर में और एक सीने में लगी। गोली लगते ही अधिवक्ता लहूलुहान होकर गिर पड़े।
अस्पताल में मृत घोषित
परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में अधिवक्ता को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में दहशत का माहौल फैल गया।
पुलिस-प्रशासन में हड़कंप
घटना की जानकारी पाकर एसपी आदित्य लांघे और एएसपी अनंत चंद्रशेखर मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने मृतक के परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की तथा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी रिटायर्ड दरोगा की गिरफ्तारी के लिए दबिश तेज कर दी है।
जमीन और लोन विवाद बना हत्या की वजह
परिजनों और स्थानीय लोगों के मुताबिक, दोनों भाइयों के बीच काफी समय से जमीन के बंटवारे और पुराने लोन की अदायगी को लेकर विवाद चल रहा था। गुरुवार सुबह कचहरी परिसर में इसी मुद्दे पर दोनों में जमकर झगड़ा हुआ था। लोगों का कहना है कि उसी विवाद का परिणाम शाम को खूनी वारदात के रूप में सामने आया।
इलाके में सनसनी, वकीलों में गुस्सा
वरिष्ठ अधिवक्ता की हत्या से न सिर्फ गांव बल्कि पूरे जिले में सनसनी फैल गई है। चंदौली कचहरी में अधिवक्ताओं में रोष व्याप्त है। अधिवक्ता संगठन ने हत्यारोपित की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।













