चन्दौली। बलुआ थाना क्षेत्र के कटारूपुर गांव में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में सेना से रिटायर्ड 40 वर्षीय वकील यादव की दूसरी मंजिल से गिरकर मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, कटारूपुर निवासी स्वर्गीय गंगाराम यादव के सबसे छोटे पुत्र वकील यादव भारतीय सेना से वर्ष 2024 में सेवानिवृत्त हुए थे और परिवार के साथ गांव में रह रहे थे। शुक्रवार रात वह परिवार के साथ दूसरी मंजिल पर बने कमरे में सो रहे थे।
परिजनों ने बताया कि रात करीब 12 बजे उनकी नींद खुली और वह लघु शंका के लिए उठे। अंधेरे में सही दिशा का अंदाजा न लग पाने के कारण उनका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नीचे घर के मुख्य गेट के सामने बनी सीसी सड़क पर गिर पड़े। सिर में गंभीर चोट लगने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
कुछ देर बाद पत्नी पुष्पा देवी की नींद खुली। पति को बिस्तर पर न पाकर जब वह नीचे पहुंचीं तो उन्हें खून से लथपथ पड़ा देखा। उनकी चीख-पुकार सुनकर परिवार के अन्य सदस्य और ग्रामीण मौके पर जुट गए, लेकिन तब तक वकील यादव की मौत हो चुकी थी।
मृतक अपने पीछे पत्नी पुष्पा देवी, दो बेटियां—स्वाती (14 वर्ष) और साक्षी (12 वर्ष) तथा वृद्ध माता राधा देवी को छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और दोनों बेटियां गहरे सदमे में हैं।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।













