जशपुरनगर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जिले में सड़क निर्माण को गति देने के लिए करीब 16 करोड़ 30 लाख रुपये की लागत से पांच महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण की मंजूरी दी है। इस फैसले से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन आसान होगा और विकास गतिविधियों को नई मजबूती मिलेगी।
स्वीकृत परियोजनाओं के तहत तिरसोठ से सत्तिपारा आंगनबाड़ी भवन होते हुए बटूराबहार गांधी चौक तक सड़क निर्माण के लिए 2.27 करोड़ रुपये, बेल्डेगी के नवापारा से चन्द्रपुर मार्ग के लिए 2.98 करोड़ रुपये, NH-43 से छुरीपहरी चौराअम्मा मार्ग के लिए 2.48 करोड़ रुपये, खुटगांव से घोघरजोर पहुंच मार्ग के लिए 4.52 करोड़ रुपये और दूदूगजोर से पालीडीह तक सड़क निर्माण के लिए 4.05 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इन सड़कों के बनने से दूरस्थ गांवों को मुख्य मार्गों से बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। स्थानीय लोगों ने इस घोषणा पर खुशी जताते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया है और इसे जिले के विकास की दिशा में बड़ा कदम बताया है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर भी सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा है कि निर्माण कार्य तय समयसीमा में और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, अन्यथा लापरवाही बरतने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि जशपुर जिले में अब तक सड़क निर्माण के लिए एक हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की जा चुकी है। कई परियोजनाओं पर काम शुरू भी हो चुका है, जिससे आने वाले समय में जिले के दूरस्थ क्षेत्रों में आवागमन और भी सुगम होने की उम्मीद है।









