सोनभद्र। शक्तिनगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया।
मिली जानकारी के अनुसार, कोयला लादकर जा रहे एक ओवरलोड ट्रेलर से अचानक बड़ा पत्थरनुमा कोयले का टुकड़ा नीचे गिर गया। उसी दौरान पीछे से बाइक पर आ रहे दो युवक उसकी चपेट में आ गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि अमित कुमार पटेल (35) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथी राहुल कुमार पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने अमित को मृत घोषित कर दिया। घायल राहुल का इलाज जारी है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
मृतक के परिजनों के अनुसार, अमित एनसीएल खड़िया परियोजना से जुड़े थे और परिवार के मुख्य कमाने वाले सदस्य थे। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में दो छोटी बेटियां हैं, जिनमें एक दिव्यांग है।
हादसे से नाराज ग्रामीणों ने शक्तिनगर-वाराणसी मार्ग पर जाम लगा दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों ने आरोप लगाया कि ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती, जिससे इस तरह के हादसे लगातार बढ़ रहे हैं।
स्थिति बिगड़ते देख भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद जाम खुलवाया गया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि ओवरलोड वाहनों पर जल्द सख्ती नहीं की गई, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।













