चंदौली। डीडीयू स्थित आरपीएफ न्यू लोको बैरक प्रांगण में रेल सुरक्षा बल (RPF) के जवानों के लिए CPR (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) प्रशिक्षण वर्कशॉप का आयोजन किया गया। इस विशेष प्रशिक्षण सत्र का संचालन मंडल रेल अस्पताल डीडीयू के चिकित्सक डॉ. आर.पी. सिंह ने किया।
वर्कशॉप में डॉ. सिंह ने विस्तार से बताया कि जब किसी व्यक्ति को हृदयाघात (हार्ट अटैक) होता है, तो उसका हृदय अचानक धड़कना बंद कर देता है और शरीर में रक्त का संचार रुक जाता है। ऐसी स्थिति में यदि तुरंत CPR दिया जाए, तो मरीज की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने जवानों को इस तकनीक का व्यावहारिक प्रदर्शन कर यह भी बताया कि सांस रुकने या बेहोशी की अवस्था में किस तरह छाती पर दवाब और मुंह से सांस देकर जीवन बचाया जा सकता है।
इस प्रशिक्षण का उद्देश्य RPF जवानों को आपात स्थितियों में तत्परता से कार्य करने और किसी भी व्यक्ति की जान बचाने के लिए तैयार करना था। कार्यक्रम में पोस्ट डीडीयू प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत, मानसनगर प्रभारी निरीक्षक शाहिद खान, उप निरीक्षक आर.एन. राम, अमरजीत दास, इंद्र कुमार, सहायक उप निरीक्षक अजय साहनी, शिवशंकर यादव, अरविंद कुमार यादव समेत कई आरपीएफ जवान उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित जवानों ने शपथ ली कि वे किसी भी व्यक्ति के बेहोश होने या हृदयाघात की स्थिति में सीखी गई तकनीक के अनुसार CPR देंगे और हर परिस्थिति में मानवता की सेवा के लिए तत्पर रहेंगे।









