चंदौली। डीडीयू जंक्शन पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त चेकिंग के दौरान एक युवक से 16.25 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। फुट ओवर ब्रिज के पास जांच के समय युवक बैग के साथ संदिग्ध स्थिति में मिला। तलाशी लेने पर उसके पास से बड़ी मात्रा में नकदी मिली, जिसके संबंध में वह कोई संतोषजनक दस्तावेज नहीं दिखा सका।
संयुक्त अभियान के दौरान सुरक्षा कर्मियों ने युवक को रोककर पूछताछ की। बैग की तलाशी में नोटों की गड्डियां मिलने के बाद टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में ले लिया और पूरे मामले की सूचना आयकर विभाग को दी। बरामद नकदी को लेकर मौके पर ही प्रारंभिक जांच शुरू कर दी गई।
आरपीएफ निरीक्षक प्रदीप रावत ने बताया कि पकड़े गए युवक की पहचान सोनू के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह वाराणसी से नकद राशि लेकर बिहार के डेहरी जा रहा था। हालांकि रकम के स्रोत से संबंधित कोई वैध कागजात प्रस्तुत न करने पर संदेह और गहरा गया।
सूचना मिलने पर आयकर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और युवक को अपने कब्जे में लेकर विस्तृत जांच शुरू कर दी। अधिकारियों का कहना है कि रकम की उत्पत्ति, लेन-देन की प्रकृति और संभावित अवैध गतिविधियों से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है। बड़ी नकदी बरामद होने के बाद हवाला कनेक्शन की संभावना को भी खंगाला जा रहा है।









