चंदौली। कड़ी मेहनत, लगन और निरंतर प्रयास से सफलता हासिल की जा सकती है — इस कहावत को चहनियां क्षेत्र की छात्राओं ने सच कर दिखाया है। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ वाराणसी से संबद्ध लोकनाथ स्नातकोत्तर महाविद्यालय, चहनियां की छात्राओं ने एमए (उर्दू) विषय में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पूरे जिले में कॉलेज का नाम रौशन किया है।
महाविद्यालय की छात्रा समीना शाहीन ने एमए (उर्दू) में 85.69 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया है। वह विश्वविद्यालय की गोल्ड मेडलिस्ट घोषित की गई हैं। कॉलेज प्रशासन ने इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि समीना शाहीन ने मेहनत, अनुशासन और समर्पण के बल पर यह सफलता अर्जित की है।
कॉलेज की सात छात्राएं रहीं शीर्ष दस में
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ द्वारा जारी परीक्षा परिणाम में लोकनाथ स्नातकोत्तर महाविद्यालय की ही छात्राओं ने टॉप टेन सूची में पहले सात स्थान हासिल किए हैं।
इनमें क्रमशः —
- समीना शाहीन – 85.69%
- आइसा इरमिन – 83.32%
- इकरा बानो – 82.40%
- मु. मुजतदारजा – 79.61%
- मु. इजतनारजा – 78.57%
- मु. मोगिस – 77.04%
- मोरिया इश्तियाक – 75.72%
इन सभी छात्राओं ने एमए (उर्दू) परीक्षा में सर्वाधिक अंक प्राप्त कर न केवल कॉलेज का नाम रोशन किया है, बल्कि क्षेत्र का भी गौरव बढ़ाया है।
कॉलेज प्रबंधन ने दी शुभकामनाएं
महाविद्यालय के संस्थापक एवं प्रबंधक धनंजय सिंह ने बताया कि यह उपलब्धि पूरे विद्यालय परिवार और क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि छात्राओं की यह सफलता शिक्षकों के मार्गदर्शन और उनकी लगन का परिणाम है।
उन्होंने आगे कहा, “हम महाविद्यालय में उर्दू सहित अन्य विषयों के लिए अत्याधुनिक तकनीक और संसाधनों की व्यवस्था करने जा रहे हैं, ताकि भविष्य में हमारे छात्र-छात्राएं और भी बेहतर प्रदर्शन कर सकें तथा नवाचार, शोध और अनुसंधान को प्रोत्साहन मिले।”
गोल्ड मेडलिस्ट का होगा सम्मान
महाविद्यालय प्रशासन ने बताया कि आगामी 11 जनवरी को आयोजित होने वाले ‘पुण्य कीर्ति दिवस’ पर विश्वविद्यालय में टॉप-10 में चयनित सभी छात्र-छात्राओं और गोल्ड मेडलिस्ट समीना शाहीन को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।
कॉलेज परिवार ने सभी टॉपर छात्राओं को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं और उम्मीद जताई है कि वे भविष्य में भी इसी तरह संस्थान और क्षेत्र का नाम ऊँचा करेंगी।













